ग़ज़ल
किरदार पासे का हूं मगर सोचता हूं मैं
किसकी बिसात पर यहां फेंका गया हूं मैं
कल शाम दिल-उदास का आलम न पूछिये
बस देर तक जमीन को तकता रहा हूं मैं
मैं फिर किसी जुनून का काइल न हो सका
यानी मिरे मिजाज से घबरा गया हूं मैं
है ये अजीब हाल के फिर जो मिला मुझे
उसको तेरी मिसाल पे ठुकरा रहा हूं मैं
जैसे खुशी का हाल खुशी का मलाल हो
तेरे बगैर यूं खुशी में मुब्तिला हूं मैं
मंजिल किसे कहा था मुझे याद भी नही
बस साथ रास्तों के टहलता रहा हूं मैं
कहतीं हैं मुझ से वक्त-ए-रवाँ की हिकायतें
सदियों से चल रहा हसीं सिलसिला हूं मैं
ग़ज़ल
आसमानी पैरहन है
उसमें खुश्बू का बदन है
डायरी में लिक्खी बातें
कागजी बातों का फन है
कुछ नहीं अब जहनों दिल में
ये उदासी आदतन है
तेरे हिस्से रूह आयी
मेरे हिस्से में बदन है
कितने सज्दों की मुरादें
आसमानों में दफन है
मेरे कमरे की खमोशी
आप अपने में सुखन है
ग़ज़ल
कभी तू दिल, कभी दिल तुझको मनाता होगा
इश्क के नाम यही खेल – तमाशा होगा
तू तो दुनिया को बनाता है मिटाता है तो फिर
तेरे हिस्से में भी कुछ जुर्म तो आता होगा
आब ही आब समन्दर तू मगर हाय नसीब
बद्दुआ दे के ही प्यासा तुझे जाता होगा
इन चरागों से उजालों की कोई बात न कर
ये भी हैरान हैं किस तर्ह उजाला होगा
अब तो बस हाथ में उम्मीद का तेशा है मेरे
देखिये राह बनेगी या खसारा होगा
हम उसी को ही समझ लेंगे अब अपनी मंजिल
इस सफीने की जो किस्मत में किनारा होगा
ग़ज़ल
फिर वही इंतिजार था जिसका कोई सिरा नही
जाती रही बहार पर फूल कोई खिला नही
इक ऐसे इम्तिहान में उम्र गुजार दी जिसे
बस दे रहे हैं बारहा क्यूँ दे रहे पता नही
अच्छा हुआ जो आपने दिल से भुला दिया हमें
हमने भी की थी कोशिशें हमसे मगर हुआ नही
एक जरा सी बात को तूल दिया गया बहुत
यानी अना अजीज थी आपसी राब्ता नही
तेरे बगैर आशियाँ कैसे रहेगा खुशनुमां
इतनी बड़ी सजा न दे इतनी बड़ी खता नही
ग़ज़ल
खुदगर्ज है ये दिल बहुत ये हिज्र क्या सह पाएगा
कुछ रोज की बस बात है दिल फिर किसी पे आएगा
बागात के ये गुल जवाँ ये सब्जो की आराइशें
ये सब निहाँ हो जायेंगे गर वो न मिलने आएगा
पहलूँ में हो कोई हसीं खुशरंग हो दिल की जमीं
अब छोड़िये ये ख्वाब भी ये ख्वाब ही रह जाएगा
बदनामियाँ रुसवाइयाँ , परछाइयां हैं इश्क की
गर जिन्दगी है इश्क तो गम जिन्दगी हो जाएगा
फिरती रहेगी रूह इक घायल अजल से ता अबद
मेरे जहन से जब तसव्वुर आप का टकराएगा

शैलेन्द्र शर्मा
दंतेवाड़ा, छ.ग.
मो.-9424278897